संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका में तैनात दो लिपिकों के खिलाफ लोकायुक्त में दर्ज शिकायत की जांच के बाद की गई संस्तुतियों पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय ने प्रशासनिक हस्तक्षेप किया है।
एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर पूरा मामला दोबारा जांचने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामला कस्बा सरधना के मोहल्ला खेवान निवासी विष्णु पुत्र मामचंद की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में नगर पालिका में वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए थे। लोकायुक्त की जांच में पालिका के प्रधान लिपिक विपिन कुमार शर्मा और लिपिक मनोज कुमार के खिलाफ आरोप सही पाए गए और उनके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई थी।
नगर पालिका के सभासद राहुल पाल, शानू जैन और आशीष त्यागी, तनिका जैन ने आरोप लगाया कि लोकायुक्त के आदेश के बावजूद वर्षों तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और शासन को रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई। उनका कहना है कि तत्कालीन अधिशासी अधिकारी का स्थानांतरण हो चुका है लेकिन दोनों लिपिक अब भी कार्यरत हैं।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि जल्द ही मामले में कार्रवाई सुनिश्चित कर रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजी जाएगी।