प्रमुख सचिव की बैठक आज, 10 दिसंबर को विधानसभा समिति में देना है जवाब
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। स्टांप घोटाले में एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, एआईजी स्टांप ज्ञानेंद्र कुमार और सभी छह रजिस्ट्रार को लखनऊ में प्रमुख सचिव ने तलब कर लिया है। रजिस्ट्री विभाग ने स्टांप घोटाले में क्या कार्रवाई हुई है। इसकी रविवार को प्रमुख सचिव बैठक कर समीक्षा करेंगे। दस दिसंबर को प्राक्कलन विधानसभा समिति स्टांप घोटाले के मामले की जांच रिपोर्ट का अवलोकन करेगी।
सरकार को प्रकरण के संबंध विस्तृत जानकारी दी जाएगी। आशंका है कि मामले में लिप्त अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय हो या कोषागार के अधिकारी। जिसकी भूमिका मिलेगी, कार्रवाई होगी।
मेरठ में तीन साल के रजिस्ट्री की जांच हुई है, जिसमें पांच हजार से ऊपर वाले फर्जी स्टांप लगाकर 997 रजिस्ट्री होना पाया गया। इस घोटाले का मुख्य आरोपी अधिवक्ता विशाल वर्मा अब तक फरार है। मेरठ व्यापार मंडल और पीड़ित लोग पिछले 15 दिन से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल के निर्देश पर गठित एसआईटी जांच कर रही है। एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा ने स्थानीय स्तर पर एसपी क्राइम के नेतृत्व में एसआईटी बनाई है। जो सिविल लाइन थाने में दर्ज पांच मुकदमे व मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। सपा विधायक रफीक अंसारी ने स्टांप घोटाले का मामला विधानसभा में उठाने की बात कही है।