हस्तिनापुर। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खनन का कार्य चल रहा है, जिसकी शिकायत स्थानीय ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में की। शिकायत मिलते ही एडीएम वित्त एवं राजस्व सूर्यकांत त्रिपाठी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के निर्देश दिए।
गांव रानी नगला के जंगल में अवैध खनन की सूचना पर एडीएम वित्त एवं राजस्व सूर्यकांत त्रिपाठी एसडीएम अंकित कुमार व राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम को खनन करने वाले स्थान की नापतोल कर उसकी वसूली करने के आदेश दिए। निर्देश के बाद टीम ने खनन किए गए स्थान की नापतोल की।
एडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि बिना अनुमति के चल रहे खनन की शिकायत मिल रही थी। खनन करने वाले लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति जो खनन किया गया है, उसकी रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उनके साथ नायब तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहे।