मेरठ। अधिकारी और कर्मचारी रविवार को बिजलीघरों पर लगने वाले विद्युत समाधान शिविरों में व्यस्त रहे और बिजली की आंखमिचौली चलती रही। सूचना पर पहुंचे लाइन स्टाफ ने फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य की।
गर्मी आने से पहले ही बिजली ने नखरे दिखाने शुरू कर दिए हैं। कभी रैपिड रेल परियोजना के लिए शटडाउन तो कभी फाल्ट के चलते ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा है, जब बिजली आपूर्ति बाधित न हो रही हो। रविवार को विकासपुरी, नौचंदी, लिसाड़ी गेट, काजीपुर, हापुड़ रोड, शारदा रोड, बिजली बंबा बाईपास, लेडीज पार्क, टाउन हाल, एमईएस, गंगानगर, कंकरखेड़ा, सेंट लुक्स, मोहनपुरी, पल्लवपुरम आदि क्षेत्र में बिजली की आंखमिचौली चलती रही। माधवपुरम और मोहकमपुरी इलाके में लाइन पर फाल्ट के चलते करीब दो घंटे आपूर्ति प्रभावित हुई। अधीक्षण अभियंता शहर विजयपाल ने बताया कि फाल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लिया जाता है। इसके चलते क्षेत्र के उपभोक्ताओं की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। कंट्रोल से बिजली आपूर्ति बाधित नहीं हो रही है, जो भी बिजली ट्रांसमिशन से मिलती है उसे उपभोक्ताओं तक हर हाल में पहुंचाया जा रहा है।