आर्य समाज थापरनगर में रविवारीय सत्संग का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आर्य समाज थापरनगर के रविवारीय सत्संग में रविवार को सत्य, यश कैसे प्राप्त करें विषय पर उद्बोधन हुआ। आर्य समाज के प्रधान राजेश सेठी ने कहा कि वेद ज्ञान मनुष्य को देवत्व की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है, जो व्यक्ति ज्ञानवान होने के साथ अपना जीवन परोपकार के कार्यों में लगाते हैं, वे देवत्व की श्रेणी प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि देव यज्ञ मनुष्य को अपने अंत:करण में यज्ञीय भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है। मन, वाणी और कर्म से सत्य का आचरण करने वाला व्यक्ति यश प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक श्री वही संपदा है। जिसका उपयोग स्वयं के साथ समाज के कल्याण और परोपकार में किया जाए। केवल धनवान होना विशेष बात नहीं है। धन का सदुपयोग करना महत्वपूर्ण है। संचालन मंत्री मनीष शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में प्रीति सेठी, विमल मरवाह, सुमन आनंद, कमलेश चांदना और धर्मवीर ने भजन प्रस्तुत किए। आचार्य सत्य प्रकाश शास्त्री के ब्रह्मत्व में देव यज्ञ संपन्न हुआ। यजमान राकेश ओबराय रहे। इस अवसर पर राकेश ओबराय, चांद ग्रोवर, श्रेय बत्रा, विवेक वर्मा, विक्रम सौंधी और अरविंद कुमार उपस्थित रहे।