कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए मंगलवार दोपहर हेलीकॉप्टर मेरठ पहुंच गया। पहले दिन अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रशांत कुमार ने हेलीकॉप्टर से मेरठ से सहारनपुर तक कांवड़ मार्ग का मुआयना किया। उन्होंने दूरबीन से पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था देखी। बताया है कि 21 जुलाई तक हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी होगी।
मंगलवार दोपहर 2:45 बजे हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में पहुंच गया। एडीजी प्रशांत कुमार, एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एएसपी अंकित मित्तल पुलिस लाइन के मैदान पर पहुंचे। दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर एडीजी को लेकर सहारनपुर के लिए निकला। एडीजी ने सहारनपुर में कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक की। करीब दो घंटे बाद कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करके लौटे एडीजी ने बताया कि कांवड़ यात्रा पर निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर मंगाया गया है। मेरठ से सहारनपुर तक कांवड़ मार्ग की व्यवस्था देखी है। बुधवार को मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत के कप्तान अपने क्षेत्र में सुरक्षा को देखते हुए हेलीकॉप्टर से चार घंटे निगरानी करेंगे। 19 और 20 जुलाई को मेरठ पुलिस हेलीकॉप्टर से सुरक्षा व्यवस्था देखेगी। 21 जुलाई को बागपत के पुरा महादेव और मेरठ के औघडनाथ मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था हेलीकॉप्टर से देखी जाएगी।