जेल चुंगी स्थित एडीजी मेरठ जोन ऑफिस में कोबरा सांपों ने डेरा डाल लिया है। वहां पर आठ दिनों से लगातार कोबरा निकल रहे हैं। जिसके चलते पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है। बृहस्पतिवार को एक कोबरा पुलिस वालों ने मारा तो कई सांप भाग गए। खतरा देखकर जिले भर से सपेरे बुलाए गए। जहरीला पाउडर छिड़का गया, ताकि फिर कोई सांप न निकले।
सपेरों का मानना है कि ऑफिस या फिर आसपास कोई नागिन है। वहीं, पुलिसकर्मियों का कहना है कि एडीजी जोन ऑफिस के जनरेटर कक्ष में एक सांप तीन दिन तक डेरा जमाए रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी उसको वहां से निकाल पाए। रोजाना सांपों के निकलने के चलते पुलिसकर्मियों में दहशत भी बनी है।
15 अगस्त से शुरुआत
पुलिसकर्मियों ने बताया है कि 15 अगस्त को एक कोबरा सांप दिखाई दिया था। उसके चलते पुलिसकर्मियों में भगदड़ मची थी। पुलिस वालों ने सांप को भगाने का प्रयास किया तो वह जनरेटर कक्ष में घुस गया। उसके बाद कई छोटे सांप निकल आए। जिनको देखकर खलबली मची रही। तीन दिन बाद जैसे तैसे कर जनरेटर से कोबरा सांप को निकालकर भगाया गया।
सांप पर देखते ही टूट पड़े
बृहस्पतिवार को कोबरा सांप निकला तो पुलिसकर्मी उस पर टूट पडे़े। सांप को मार दिया गया। रोजाना सांप निकलने की जानकारी पर एडीजी ऑफिस से कई थानेदारों को फोन किया गया। जिसके बाद कोबरा सांप को पकड़ने के लिए जिले भर से सपेरों को बुलाया गया। सांप तो नहीं पकड़े गए। लेकिन सपेरों ने जहरीली पाउडर छिड़का। सपेरों का दावा है कि पाउडर छिड़कने के बाद सांप नहीं निकलते।