मेरठ। नौचंदी मेला परिसर स्थित पटेल मंडप में शनिवार रात अनूठा कार्यक्रम हुआ। बच्चों के इस कार्यक्रम में एक तरफ जहां कक्षा 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों के मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम देख दर्शक रोमांच से भर उठे। 90 के दशक के अभिनेत्रियों के गेटअप में रंगमंच पर उतरीं बच्चियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
अभिनव नृत्यशाला द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में केएल इंटरनेशनल स्कूल, एमपीजीएस, द अध्ययन, जेपी एकेडमी स्कूल के 12 वीं के विज्ञान, मानविकी और कॉमर्स के टॉपर बच्चों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सरस्वती वंदना और सामूहिक नृत्य से हुआ। एकल नृत्य की प्रस्तुति देर रात तक चलती रही, जिसका दर्शकाें ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नृत्य एवं संगीत से सराबोर इस शाम में छोटे बच्चों द्वारा 90 के दशक की अभिनेत्रियों की कला को शानदार रूप से प्रस्तुत किया गया, जिस पर दर्शकों की जमकर तालियां बजीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों और राजस्थानी लोक कला के नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में शालिनी, अनविका, छवि, शगुन, गौरी, वर्तिका, नियति, परी, हर्षिता, परिधि, नंदिनी, आद्या, कामाक्षी, वान्या, भूमि, अनाया, सान्वी, कृष्णा, विहान, रोहित, प्रार्थना, वंश, अनुप्रिया, लवित, दिव्यमणि, कर्णिका, सिद्धांत, योगिता, श्रेयांसी, सूर्यांश आदि छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। संस्था की अध्यक्ष शशि सिंघल और संयोजिका ममता रत्नम ने सभी को स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में ताहिर अली, मनीष मंगल, गौहर सिद्दीकी, सुशील पटेल, अंजना भारद्वाज, अर्पित, बरखा, राहुल, सीमा, मनीषा, पूजा, हेमा, प्राची, श्वेता आदि का सहयोग रहा।