- चातुर्मास के ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों में जुटा जैन समाज
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आचार्य सौरभ सागर महाराज के 26 जुलाई को होने वाले ऐतिहासिक चार्तुमास के आयोजन से पूर्व मंगलवार को आचार्य का मंगल प्रवेश हुआ। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने आचार्य का आशीर्वाद लिया। वहीं, चातुर्मास के भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटा महानगर का जैन समाज बेहद उत्साहित है। शहरभर में स्वागत की तैयारियां चल रही हैं।
जैन मिलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋतुराज जैन ने बताया कि समाज के लोग आचार्य के स्वागत के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सजावट कर रहे हैं। शहर में पहली बार चातुर्मास का ऐतिहासिक और भव्य आयोजन होगा। ऋतुराज जैन ने बताया कि मंगल प्रवेश मार्ग पर तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। प्रमुख चौराहों को सजाया जा रहा है। पूरे मार्ग पर जैन ध्वज लगाए जा रहे हैं। जैन परिवार अपने घरों पर ध्वज और आकर्षक लाइटिंग कर रहे हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग, बैनर और स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं।
शनिवार को आचार्य विहार करते हुए जैन समाज मेरठ के प्रधान मंत्री सुरेंद्र कुमार जैन के प्रतिष्ठान माला फ्लोर मिल पहुंचे। यहां पुष्प वर्षा योग समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, मुख्य संयोजक सुरेंद्र कुमार जैन, सह अध्यक्ष अनिल जैन कक्कू, प्रबंध समिति के सदस्यों सहित अन्य लोगों ने आचार्यश्री का स्वागत और मंगल आरती की। श्रद्धालुओं ने आचार्य का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। बाद में आचार्य से मंगल प्रवेश, चातुर्मास एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए विस्तृत चर्चा भी हुई।
इससे पहले शुक्रवार को श्री महावीर जयंती भवन एवं श्री दिगंबर जैन मंदिर कमला नगर में जैन समाज मेरठ के प्रधान एवं पुष्प वर्षा योग समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। वहीं, शनिवार को असोड़ा हाउस जैन मंदिर एवं बड़ा मंदिर सदर में भी सभाएं की गईं। इनमें बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने भाग लेकर मंगल प्रवेश को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।