बृहस्पतिवार को युवक को सरेबाजार तीन गोली मार दी थी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-4 में बृहस्पतिवार दोपहर केबल कारोबारी शबाब के बेटे अमीर अहमद उर्फ अली को तीन गोली मारने वाले आरोपी हिस्ट्रीशीटर जमाल व उसके साथियों उवैश व शाहरून और रूबी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दिल्ली, गाजियाबाद समेत कई जिलों में दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। युवक की हालत स्थिर बनी हुई है।
गंगानगर के सलारपुर गांव निवासी केबल कारोबारी शबाब आलम ने पुलिस को बताया था कि उनका बेटा अली कपड़ों का काम करता है। करीब तीन वर्ष पूर्व एक युवक अमान की हत्या के मामले में अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। वह करीब एक वर्ष से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस के अनुसार, युवक का जैदी फार्म निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल की बहन रूबी से प्रेम प्रसंग था। मार्च में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। इसी मामले में उसकी मां व दोनों बहनों ने थाने में घुसकर पुलिस पर हमला करते हुए हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने का प्रयास किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया था।
जमानत पर आने के बाद पूरा परिवार मुंबई में रहने लगा था। अली की रूबी से बात कम हो गई थी। अली को शक था कि रूबी का दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों की फोन पर जमकर कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर अली पर जान लेवा हमला किया गया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए चार टीम काम कर रही हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।