संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने माता-पिता के साथ मिलकर बड़े भाई पर फावड़े से जानलेवा हमला किया। फावड़ा सीने में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के करीब एक पखवाड़े बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से खतरा बताते हुए पुलिस से गिरफ्तारी की मांग की है।
रोहटा निवासी जोनी के अनुसार, उसके भाई शेखर का माता-पिता और छोटे भाई शुभम के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 21 सितंबर की देर रात इसी विवाद को लेकर परिवार में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शुभम ने शेखर पर फावड़े से हमला कर दिया। फावड़ा शेखर के सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
जोनी की तहरीर पर पुलिस ने उसकी मां शिक्षा, पिता श्रीचंद और भाई शुभम के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। परिवार ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-