संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव डाहर निवासी सालिम हत्याकांड में नामजद छठा आरोपी सोनू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हत्याकांड में नामजद सभी आरोपियों को पुलिस अब जेल भेज चुकी है।
बता दे कि बीते 28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे सालिम खाना खाने के बाद घर से करीब दो सौ मीटर दूरी पर स्थित जूनियर हाई स्कूल के मैदान में घूमने के लिए गया था। कुछ देर बाद वह मैदान में लगी बेंच पर बैठ गया। इसी दौरान शाहरुख, गुलजार आदि हमलावरों ने पीछे से पहुंचकर सालिम पर चाकू से हमला कर दिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही दो आरोपियों शाहरुख और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मृतक के पिता शहजाद ने छह आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मामले में पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित आरोपी सोनू मेरठ-करनाल रोड पर टूटी पुलिया से होकर भागने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
-