मेरठ। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया की गाजियाबाद के मोहन नगर निवासी डोली चौधरी 14 दिसंबर को मेरठ में अपने मायके लोहिया नगर आई थी। शाम के समय लौट रही थी। इस दौरान डोली ने पीवीएस मॉल के पास स्थित एक एटीएम से पैसे निकाले थे। इसी दौरान आरोपी न्यू जगत पुरम कॉलोनी निवासी सोनू उर्फ अरशद ने एटीएम में घुसकर डोली का कार्ड बदल दिया। पैसे निकालने के बाद डॉली घर के लिए चली गई थी। कुछ देर बाद डोली के मोबाइल नंबर पर बैंक खाते से 90 हजार रुपए कटने का मैसेज आया था। डोली ने थाने पर तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की तो आरोपी एटीएम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में लग गई। मुखबिरों के माध्यम से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। बुधवार को पुलिस पीवीएस रोड पर गश्त कर रही थी। इसी बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के पास से 45 हजार रुपये नगद व एक बाइक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।