बेटी के सामने पत्नी की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
मेरठ। गांव किनानगर निवासी महिला मीनाक्षी की बेटी के सामने ही हत्या करने के आरोपी गजराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गजराज ने मारपीट करने के बाद गला घोंटकर पत्नी की जान ले ली थी। शनिवार देर रात टीपी नगर क्षेत्र की नई बस्ती में दबिश के दौरान आरोपी पकड़ा गया।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर निवासी मीनाक्षी मायके में थी। गजराज भी कुछ दिन से यहीं था। शनिवार को जब परिवार के लोग गेहूं की कटाई के लिए बाहर गए थे। उसी दौरान गजराज ने मीनाक्षी की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। पुलिस ने महिला के भाई अरुण की ओर से दी गई तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में नई बस्ती में दबिश दी। यहां पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, मगर उसे पकड़ लिया गया। हत्या का कारण पति और पत्नी में काफी समय से चल रहा विवाद माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ जारी है।
मीनाक्षी की गजराज से दूसरी शादी थी। उसके पहले पति की मौत हो चुकी है। इसी पति से छह वर्षीय बेटी निधि के सामने ही घटना को अंजाम दिया गया। पिता के बाद मां का आंचल भी उससे छिन गया है। हत्या का आरोपी पिता भी अब जेल में रहेगा। ऐसे में निधि को अन्य रिश्तेदारों के संरक्षण में रहना पड़ेगा।