वारिसों ने एसएसपी और जिला अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। डूंगर गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक किसान ने अपनी जिंदा ताई को मृत दिखाकर उसके हिस्से की जमीन तहसील रिकॉर्ड में जालसाजी के जरिए अपने नाम करा ली। आरोप है कि महिला की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति हड़प ली गई। मामले की शिकायत महिला के वारिसों ने एसएसपी और जिलाधिकारी से की है, और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार डूंगर गांव में हुक्मो पत्नी स्व. जैनू की इकलौती संतान उनकी बेटी ब्रह्मकुमारी थी। जैनू की मृत्यु के बाद हुक्मो अपने भतीजों तेजवीर और जीतसिंह के पास ही रहती थीं। कुछ समय बाद हुक्मो अपने भतीजों से मनमुटाव के कारण अपनी बेटी ब्रह्मकुमारी के घर चली गईं। ब्रह्मकुमारी की भी एक बेटी योजना देवी है, जिसका पति सुरेंद्र फौज में कार्यरत है। योजना देवी ने बताया कि हाल ही में वह अपने माता-पिता और पति के साथ गांव डूंगर गई और अपनी नानी हुक्मो की जमीन में हक की मांग की। तभी उसे पता चला कि हुक्मो की संपत्ति 23 साल पहले उसके भतीजों के नाम दर्ज कर दी गई थी। तहसील रिकॉर्ड खंगालने पर यह सामने आया कि तेजवीर और जीतसिंह ने सन 2003 में हुक्मो के फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र का सहारा लेकर उसे मृत दिखाया और संपत्ति अपने नाम कर ली। जबकि हुक्मो की वास्तविक मृत्यु 11 दिसंबर 2009 को हुई थी, जिसका प्रमाण पत्र विभाग द्वारा जारी किया गया। योजना देवी ने बताया कि मामले की जांच के लिए उन्होंने जिला अधिकारी और एसएसपी मेरठ को शिकायत पत्र सौंपा है। एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच के बाद ही सच्चाई का खुलासा किया जाएगा। तहसील में मामले की जांच की जानकारी मिलने से तहसील कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। यह मामला जिंदा महिला को मृत दिखाकर संपत्ति हड़पने का एक गंभीर प्रकरण बन गया है।