संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव निलोहा निवासी निकिता ने आला अधिकारियों से की शिकायत में गांव के ही एक व्यक्ति के नाम कोई भी जमीन नहीं होने के बावजूद निजी नलकूप संचालित करने और सस्ती बिजली का लाभ उठाकर पानी का अवैध व्यापार करने का आरोप लगाया है।
निकिता ने आला अधिकारियों से की शिकायत में बताया कि गांव निवासी व्यक्ति के नाम बीते 25 वर्षों एक निजी नलकूप का बिजली का कनेक्शन है, जिसे उक्त व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है, जबकि उक्त व्यक्ति के नाम पर एक बिस्वा जमीन भी नहीं है। विभाग के नियमानुसार प्राइवेट ट्यूबवेल कनेक्शन केवल उसी को मिलता है जिसके नाम पर कृषि भूमि हो। आरोप है कि उक्त व्यक्ति सरकार द्वारा दी जा रही सस्ती बिजली (कृषि दर) का लाभ उठाकर ग्रामीणों को पानी बेच रहा है। जो पूर्णतः कमर्शियल गतिविधि है। उन्होंने उक्त मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र का कहना है कि उक्त कनेक्शन लगभग 30 वर्ष पुराना है। जिसके नाम कनेक्शन है, उसके पिता की भूमि पर लगा है। संभव है कि उस समय पिता की सहमति पर उक्त कनेक्शन जारी किया गया हो। आपसी रंजिश के चलते शिकायत की गई है।