सरधना। कस्बा खिवाई निवासी नूरैन पुत्र सहजूर ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेचने का गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि उसकी जानकारी के बिना ही उसकी जमीन का फर्जी बैनामा तैयार कर रजिस्ट्री करा दी गई।
नूरैन ने बताया कि वह हाल ही में खतौनी निकलवाने तहसील गया तो उसे पता चला कि उसकी भूमि का एक हिस्सा पहले ही विक्रय पत्र के माध्यम से किसी और को बेचा जा चुका है। उसने रजिस्ट्री कार्यालय से मिले दस्तावेजों में उसके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे रजिस्ट्री कराई गई थी। पीड़ित ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। उपजिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने तहसीलदार रवि प्रजापति को मामले की जांच सौंपी है। तहसीलदार रवि प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। तहसील प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि यदि मामला सही पाया गया तो फर्जी रजिस्ट्री रद्द करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।