मवाना। नगर निवासी युवती ने झूठे प्रेमजाल में फंसाकर दो साल तक शारीरिक शोषण करने, विरोध करने पर निकाह कर छोड़कर दूसरे देश बहरीन चले जाने का आरोप एक युवक पर लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने तहरीर में बताया कि मोहल्ले के ही रहने वाले युवक ने 2022 में झूठे प्रेमजाल में फंसाकर और शादी करने का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक शोषण किया। दोनों परिवारों को दोनों के संबंधों की जानकारी थी। शादी का दबाव बनाने पर 12 सितंबर 2024 को मुजफ्फरनगर में दो गवाहों की मौजूदगी में उसका निकाह पढ़वाया गया। निकाह की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी ने कहा कि दो माह बाद घर ले जाऊंगा, अभी अपने घर पर ही रहना। मौका मिलते ही आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। दो बार वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने गर्भ निरोधक गोलियां देकर उसका गर्भ गिरवा दिया। आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और वायरल करने की धमकी देकर डराता रहा। तीन माह पहले आरोपी चुपचाप बहरीन चला गया और उससे बातचीत करनी बंद कर दी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।