सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव नानू में तालाब में मृत मिले नंगलाताशी निवासी नवाब के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों ने सही ढंग से जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला काजीवाड़ा कस्बा बुढ़ाना मुजफ्फरनगर निवासी मृतक नवाब की पत्नी के भाई शाहआलम पुत्र तनवीर अहमद ने बताया कि 22 अक्तूबर की सुबह अपनी बाइक लेकर ईकड़ी गांव में दूध लेने के लिए गया था। इसके बाद वह अगले दिन तक भी घर नहीं पहुंचा। 23 अक्तूबर की शाम उसका शव नानू गांव के बाहर स्थित तालाब में मिला था। आरोप है कि नवाब की हत्या कर शव तालाब में डाला गया। उसने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जिस जगह पर तालाब है, उसके आसपास काफी आबादी है। जहां कई मकानों पर कैमरे भी लगे हुए हैं। मामले की जांच को लेकर पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।
सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवाब की मौत का कारण पानी में डूबना आया है। साथ ही रिपोर्ट में शराब पीने की भी पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।