मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में दो माह पहले ई-रिक्शा सवार मां-बेटियों से पर्स लूट के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा के सोनीपत की वर्धमान गार्डेनिया सोसाइटी निवासी गरिमा बत्रा मुरणी गत 12 जून की रात अपनी मां सुषमा बत्रा और बहन मेघना बत्रा के साथ जेल चुंगी से ई-रिक्शा में पल्लवपुरम जा रही थीं। कमिश्नर आवास चौराहे से बाइक सवार दो बदमाश उनके पीछे लग गए।
कैंट बोर्ड के पुराने टोल टैक्स प्वाइंट के पास बदमाश गरिमा से पर्स लूटकर तेजी से फरार हो गए। पर्स में सोने के टॉप्स, चांदी का लॉकेट, 36 साै रुपये, क्रेडिट व डेबिट कार्ड आदि सामान था। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि इस मामले में लालकुर्ती पुलिस ने देहली गेट क्षेत्र के पूर्वा फैय्याज अली निवासी इमरान उर्फ इम्मू को गिरफ्तार कर लिया। वह फिलहाल लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्यामनगर में रह रहा था।
आरोपी ने जिले में लूट और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके खिलाफ लालकुर्ती के अलावा सदर बाजार, रेलवे रोड देहली गेट आदि थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद