सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के परिजन ने तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह वह मजदूरी करने गांव से बाहर गया था। उसकी पत्नी पशुओं के चारे के लिए जंगल में गन्ने की छिलाई करने गई थी। घर पर 14 वर्षीय बेटी अकेली थी। आरोप है कि बेटी को अकेला पाकर गांव निवासी दो युवक उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उसकी बेटी को डराकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया है। गांव में पुलिस भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।