बेहट। धरातल ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों ने कंपनी को जमीन बेचने के नाम पर दो लोगों पर 1.12 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत एसडीएम से की है।
शिकायतकर्ता कंपनी के प्रोजेक्ट हेड रमेश मेहरा व प्रोजेक्ट मैनेजर प्रिंस मिश्रा ने बताया कि उनकी कंपनी ने तहसील बेहट क्षेत्र के गांव पेलो खुर्द में देहरादून के दो लोगों की 76 बीघा जमीन खरीदी थी, जिसमें से 59 बीघा जमीन उन्होंने बैनामा कंपनी के नाम कर दिया था, लेकिन शेष जमीन का बैनामा नहीं कर रहे और जमीन की एवज में बतौर एडवांस लिए गए 1.12 करोड़ भी वापस नहीं कर रहे हैं। यह रकम आरटीजीएस के माध्यम से आरोपियों के बैंक अकाउंट में भेजी गई थी।
उनका आरोप है, कि यह लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे है। एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया, कि कंपनी के अधिकारियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।