संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। रकम दोगुनी करने का झांसा देकर युवक से नौ लाख रुपए ठग लिए। इस मामले में खरखौदा थाना पर प्राथमिक की दर्ज कराई गई है। उधर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक नलकूप की छत पर दो बागों में नकली नोटों की गड्डियां बरामद होने का शोर भी मचा लेकिन पुलिस ने इसकी जानकारी से इन्कार किया।
पुलिस के अनुसार मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के खत्ता रोड निवासी रणजीत सिंह ने खरखौदा थाना पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी परतापुर निवासी पुष्पेंद्र से पहले से ही जानकारी थी। पुष्पेंद्र ने ही उसे अपने परिचित सूरज द्वारा रकम दोगुनी करने की कहानी बताई। दो दिन पहले उनके झांसे में आकर रणजीत ने अपने परिचित जिला कासगंज के भट्टा नगला निवासी कौशल के साथ आरोपियों द्वारा तय स्थान मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर कैली अंडरपास के नीचे पहुंचे। वहां पहले से ही खड़े मिले पुष्पेंद्र, छोटू निवासी गण परतापुर व सूरज सहित सभी ने उनसे नौ लाख की रकम ले ली। सभी आरोपियों ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर वहां से नौ लाख की रकम लेकर भाग गए।
बैग में नकली नोटों की गडि्डयां मिलने की चर्चा
जिस स्थान पर ठगी का मामला हुआ उसे करीब एक किलोमीटर दूर गांव कूड़ी के जंगल में नलकूप की छत पर लाल रंग के दो बैग में 500 रुपये के नकली नोटों की गड्डियां मिलने का शोर मचा रहा। चर्चा रही कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी पहुुंची थी। पुलिस ने बैग में भारी नोटों को नकली बताया और ग्रामीणों द्वारा फोन पर बनाई गई वीडियो भी डिलीट करवा दी। पुलिसकर्मी दोनों बैगों को अपने साथ ले गई।
वर्जन
धोखाधड़ी के मामले में खरखौदा थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है लेकिन नकली नोटों से भरे बैग मिलने की कोई सूचना उनके पास नहीं है। मामले की जानकारी कर कार्यवाही की जाएगी।
प्रमोद कुमार सिंह, सीओ किठौर