संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप भारद्वाज के द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर अपहरण, मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पीड़ित कुलदीप भारद्वाज ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि सात जून की रात वह मनोहरपुर कॉलोनी में मौजूद था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन अपने साथ एक सुनसान स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उससे नकदी भी लूट ली गई।
रविवार को पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। उसने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह धरना देने को मजबूर होगा।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि एक आरोपी करीमपुर निवासी रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।