खरखौदा। पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा से चोरी कर लाए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली, अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से ट्रैक्टर चोरी के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सीओ रामप्रकाश के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा से चोरी किया ट्रैक्टर खरखौदा मोहिउद्दीनपुर रोड से आ रहा है। पुलिस ने मोहिउद्दीनपुर रोड से कस्बा खरखौदा की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक की पहचान आशीष बाढक निवासी ग्राम बालंद, थाना शिवाजी, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई। ट्रैक्टर में लगे जीपीएस के कारण ट्रैक्टर स्वामी लगातार चोर का पीछा करता रहा। जांच के दौरान पता चला रविवार रात्रि में करीब 12:00 बजे ट्रैक्टर चोरों ने रोहतक जिले के थाना शिवाजी क्षेत्र के गांव सालारा निवासी दीपक के घर के बाहर से ट्रैक्टर चोरी किया था।