संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। सरधना-बिनौली मार्ग पर जोड़ा प्याऊ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ राशिद निवासी पांचली बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम सरधना-बिनौली मार्ग पर जसड़ जाने वाले रास्ते के पास जोड़ा प्याऊ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने बाइक की नंबर प्लेट की जांच की तो वह फर्जी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने बाइक के चेसिस और इंजन नंबर की जांच की। जांच में बाइक का वास्तविक पंजीकरण पांचली बुजुर्ग निवासी गुरदीप के नाम पाया गया। पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया तो उसने बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए जाने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक और फर्जी नंबर प्लेट कब्जे में ले ली। जांच की जा रही कि आरोपी किसी बाइक चोर गिरोह का सदस्य तो नहीं है। पूछताछ के बाद शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।