संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी में मादक पदार्थ बेचते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तारापुरी निवासी आरिफ काफी समय से मादक पदार्थ को बेचने का काम कर रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत कई बार थाना पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें युवक सड़क पर बैठकर मादक पदार्थ बेच रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को मादक पदार्थ के साथ पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो एक वर्ष पुराना है। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ की तस्करी में जेल जा चुका है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।