संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला खैरात अली कोटला निवासी शबाब हैदर से प्लॉटिंग के नाम पर 7.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई और बैनामा कराने की गुहार लगाई है।
पीड़ित शबाब हैदर ने मवाना थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह काम के सिलसिले में दुबई गया था। वहां उसकी मुलाकात मोहल्ला खतौलिया चौक निवासी आरोपी व्यक्ति से हुई, जिसने अपने भाई द्वारा इकरामनगर में की जा रही प्लॉटिंग का जिक्र किया। इसके बाद आरोपी ने भी फोन पर बात कर प्लॉट लेने का दबाव बनाया। आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने 6 हजार रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से इकरामनगर में 120 वर्ग गज का प्लॉट 7.20 लाख रुपये में तय कर लिया। करीब छह साल पहले उसने पूरी रकम नकद व ऑनलाइन माध्यम से दे दी।
हाल ही में जब वह वापस लौटकर आया और आरोपी से प्लॉट का बैनामा कराने को कहा, तो वह टालमटोल करने लगा। कड़ाई से पूछने पर आरोपी ने कहा कि जमीन का मालिक कोई और है। कहा कि वो ही बैनामा करेगा। विरोध करने पर आरोपी अभद्र व्यवहार पर उतर आया। आरोप है कि प्लॉट की कीमत वर्तमान में लगभग 20 हजार रुपये प्रति वर्ग गज होने के कारण आरोपी के मन में लालच आ गया है और वह कूटरचित तरीके से उसकी रकम हड़पना चाहता है। पुलिस से कानूनी कार्रवाई कर बैनामा दिलाने की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है। दूसरे पक्ष के आने के बाद ही मामले की सही जानकारी हो सकेगी।
-