मवाना। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक पुलिस वालों पर उनको आतंकवादी कहने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं दो पुलिसकर्मी मुंह छिपाकर जा रहे हैं और कोई जवाब युवकों को नहीं दे रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले ही गांव सठला में भी थाने की जीप के चालक को अर्धनग्न कर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए जीप के चालक व दरोगा को निलंबित कर दिया था। अब एक बार फिर से एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे बस स्टैंड पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवक पुलिसकर्मियों पर उनको आतंकवादी कहने का आरोप लगा रहे हैं। वीडियो में दो पुलिस वाले भी दिखाई दे रहे हैं जो युवकों की बात सुनकर मुंह छिपाकर जा रहे हैं। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि वीडियो में युवक ही बोल रहे हैं। पुलिस वाले कुछ नहीं कह रहे हैं। फिर भी वीडियो की जांच कराई जाएगी।