पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में कुंज विहार कॉलोनी में महिला सुशीला देवी ने कुछ लोगों पर मंगलवार शाम घर में घुसकर मारपीट करने और सामान लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांधी आश्रम कुंज विहार कॉलोनी निवासी सुशीला देवी ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उनकी रिश्तेदारी से जुड़े कुछ लोग उनके घर पहुंच गए।
आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने घर का सामान भी क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद उसके पास रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और सोने की चेन ले ली।
महिला ने आरोपियों पर मोबाइल फोन और पर्स भी छीनने का आरोप लगाया है। हमला करने के बाद आरोपियों ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया। सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद भी चल रहा है।
-