- फैक्टरी कर्मचारी की हुई मौके पर मौत, चालक कार को मौके पर छोड़ कर हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी,
खरखौदा। मेरठ-हापुड़ हाईवे पर कैली गांव स्थित संगम पैलेस के सामने बृहस्पतिवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक विकास(26) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव खासपुर निवासी विकास पुत्र चंद्रपाल हापुड़ की एक निजी फैक्टरी में मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार शाम वह फैक्टरी से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। शाम के समय जैसे ही वह मेरठ-हापुड़ मार्ग पर कैली गांव स्थित संगम पैलेस के सामने पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रही ईको कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया।
राहगीरों की ओर से सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा ईको कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक विकास ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसकी जान नहीं बच सकी।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।