हाईवे पर कनौड़ा गांव के सामने देवबंद से आभूषण खरीदने मेरठ आ रहे दो सर्राफ भाईयों की बाइक में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक सर्राफा व्यापारी की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घायल को टोल कर्मियों की मदद से पुलिस ने पल्लवपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक के ताऊ ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मुजफ्फरनगर जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित नवाबगंज निवासी आशुतोष वर्मा (37) पुत्र चंद्रप्रकाश वर्मा और उनका छोटा भाई राजा वर्मा देवबंद में सर्राफा की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार को दोनों भाई अपनी बाइक पर सवार होकर मेरठ से आभूषण की खरीदारी करने के लिए आ रहे थे।
हाईवे पर कनौड़ा गांव के सामने पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टोल एंबुलेंस कर्मियों की मदद से दोनों को पल्लवपुरम स्थित एक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आशुतोष को मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।
जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल राजा की हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर परशुराम ने बताया कि मृतक के ताऊ सत्यप्रकाश वर्मा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।