खरखौदा। दोस्तों संग हरिद्वार घूमने गए अभिषेक त्यागी का शव सोमवार को हरिद्वार में गंग नहर में भगत सिंह घाट से 15 किलोमीटर आगे बहादराबाद में पक्के पुल के पास मिला। पोस्टमार्टम के बाद शाम के समय परिजन शव लेकर खरखौदा पहुंचे और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया।
तीन दिन पहले शनिवार की शाम कस्बा खरखौदा निवासी अभिषेक त्यागी (38) पुत्र सत्येंद्र त्यागी अपने चार दोस्तों के साथ हरिद्वार व ऋषिकेश घूमने गया था। रविवार को दोपहर के समय सभी दोस्त हरिद्वार में प्रेम नगर आश्रम चौक के पास बने भगत सिंह घाट पर गंग नहर में नहाने लगे। अभिषेक त्यागी नहाते हुए बीच धार में पहुंच गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गया था। हरिद्वार के थाना कनखल की पुलिस ने मौके पर टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों के अनुसार करीब 24 घंटे बाद ही सोमवार करीब 10:30 बजे अभिषेक का शव भगत सिंह घाट से करीब 15 किलोमीटर आगे बहादराबाद में पक्के पुल के पास मिला।