मवाना। स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में अभिनंदन 2026 सम्मान समारोह उत्साह और सांस्कृतिक वैभव के बीच संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन का उत्सव मनाया गया।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल मुख्य अतिथि थे। उपजिलाधिकारी संतोष सिंह, क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया, एसएचओ देवेंद्र कुमार मिश्रा, प्रिंसिपल शक्ति साहनी और एनसीआर भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय महासचिव अनुराग दुबलिश सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधक मनोज कुमार रस्तोगी, प्रबंधिका मीनू रस्तोगी और प्रधानाचार्य कमल कुमार दीवान ने अतिथियों के साथ मां शारदा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्री-नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों, शत-प्रतिशत उपस्थिति और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कक्षा 10 व 12वीं के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ईशान चौधरी, हरप्रीत, जोहा मेहविश और मरियम कमर रिजवी को 11 हजार रुपये की धनराशि के चेक व स्मृति चिह्न दिए गए। अन्य चयनित विद्यार्थियों को 5,100 रुपये और 2,100 रुपये के चेक व स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। पूर्व छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रबंधक मनोज कुमार रस्तोगी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।