वेस्ट यूपी में आंधी और बारिश के बीच अभी 24 घंटे तक अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच दिन-रात का तापमान फिर गिर गया है। बारिश से एक और मौसम खुशनुमा हो गया है तो आंधी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले 24 घंटों में आंधी आने के आसार हैं।
रविवार शाम आई आंधी का असर सोमवार को खासा दिखाई दिया। जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे टूटने से लोग परेशान दिखे। वहीं रात में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिली। सोमवार को मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 64 व न्यूनतम 45 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 5 डिग्री और रात के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बारिश 5.2 मिमी रिकार्ड की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि नए चक्रवाती सिस्टम के कारण फिर से आंधी और बारिश के आसार बने हैं। आगामी 24 घंटे तक मौसम ऐसे ही रहेगा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि मंगलवार को कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 16 मई से मौसम साफ हो जाएगा।
पिछले छह दिनों का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
9 34.1 18.6
10 37.6 19.7
11 40 22.8
12 37.2 23.7
13 38.1 26.0
14 33.2 19.4