अब गैस उपभोक्ताओं और हॉकर के बीच खुले पैसे को लेकर तकरार नहीं होगी। जल्द ही गैस सिलेंडर का भुगतान एटीएम और पेटीएम कार्ड से करने की तैयारी है। इस व्यवस्था से जिले की 45 गैस एजेंसियों के करीब पांच लाख गैस उपभोक्ताओं को लाभ होगा।
नोट बंदी के बाद से फुटकर रुपयों की समस्या आ रही है। ऐसे में अधिकांश कारोबार ऑनलाइन भुगतान सिस्टम की तरफ बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में रसोई गैस वितरकों ने भी कदम बढ़ाए हैं। ये गैस वितरक उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान की तरफ लाना चाहते हैं। इसलिए जहां पेटीएम से गैस सिलेंडर का भुगतान लेने की सुविधा शुरू करने की तैयारी है, तो वहीं एटीएम कार्ड से स्वैप मशीन के माध्यम से भुगतान व्यवस्था शुरू होने वाली है। यह सुविधा एक सप्ताह में शुरू करना बताया जा रहा है।
स्वैप मशीन के लिए 20 दिन से आवेदन
गैस वितरकों ने अपने बैंकों को एटीएम कार्ड से ऑनलाइन भुगतान करने वाली स्वैप मशीन के लिए आवेदन किए हुए हैं। बैंकों ने शीघ्र ही सभी गैस वितरकों को स्वैप मशीन देने का आश्वासन दिया है। इस स्वैप मशीन पर डेबिट और क्रेडिट दोनों तरह के कार्ड का इस्तेमाल होगा।
हो रहा हैं डाटा इकट्ठा
पेटीएम कंपनी सभी गैस वितरकों से उनके आधार कार्ड नंबर, एजेंसी कोड, खाता नंबर आदि रिकॉर्ड इकट्ठा कर रही है। सभी गैस वितरकों को अलग-अलग कोड नंबर के कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। जिसके माध्यम से ग्राहक पेटीएम से ऑनलाइन मोबाइल से भुगतान कर सकेगा। पेटीएम कंपनियों का दावा है कि एक सप्ताह के भीतर भारत, इंडेन और एचपी गैस एजेंसियों को पेटीएम कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
यह होगा फायदा
गैस उपभोक्ताओं से खुले के नाम पर अवैध वसूली नहीं होगी। क्योंकि एटीएम और पेटीएम से उपभोक्ता गैस सिलेंडर का ऑनलाइन उतना ही भुगतान करेगा, जितनी गैस सिलेंडर की कीमत होगी। ऑनलाइन भुगतान से गैस की कालाबाजारी पर भी प्रतिबंध लगेगा।
एप करना होगा डाउनलोड
उपभोक्ताओं को अपने मोबाइल फोन में पेटीएम एप डाउनलोड करना होगा। इसके लिए उपभोक्ता को अपने पेटीएम में खाते से कुछ धन रखना होगा। इससे गैस सिलेंडर के अलावा अन्य छोटे खर्च भी अदा कर सकेंगे।
ऐसे करेंगे इस्तेमाल
गैस सिलेंडर का भुगतान करने के लिए ग्राहक को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड पेटीएम एप खोलकर उसमें दर्ज ‘पे’ बटन दबाना होगा। जिसके बाद कैमरा खुलेगा। उस कैमरे से गैस वितरक या अन्य कोई भी दुकानदार जिसको आप भुगतान करना चाहते हैं उसके पास कार्ड पर अंकित कोड होगा। उसकी कैमरे में फोटो लेनी होगी। ऑप्शन में भुगतान की धनराशि भरनी होगी। इसके उपरांत ‘पे’ दबाया जाएगा। समझो आपके पेटीएम से दुकानदार के खाते में आपका पैसा चला जाएगा। इसका एक मेसेज ग्राहक के मोबाइल पर आएगा। वहीं एक मेसेज डिलीवरी मैन और गैस एजेंसी के कार्यालय के कंप्यूटर पर पहुंचेगा।