फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा की अस्सी से सौ सीटों पर चुनाव लडे़गी 'आम आदमी पार्टी' : संजय सिंह

Tue, 28 Aug 2018 07:53 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
आप पार्टी के कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि पार्टी पहले की तरह लोकसभा की अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की गलती नहीं दोहराएगी। संगठन के लिहाज से देश भर में मजबूत 80 से 100 सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी खडे़ करेगी। उन्होंने भाजपा के खिलाफ तैयार हो रहे महागठबंधन का स्वागत तो किया, लेकिन अभी हिस्सा होने से इंकार कर दिया।

विज्ञापन

सांसद संजय सिंह सहारनपुर से बुधवार से शुरू होने वाली पदयात्रा से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में 430 सीटों पर चुनाव लड़ने का अनुभव बेहद खराब रहा है। इनमें से करीब 409 सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की जमानत भी नहीं बच सकी थी। इस बार दिल्ली के अलावा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, गोवा, और कर्नाटक की उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा जहां पर संगठन मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी  यूपी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान शुरू कर चुकी है। पूर्वांचल में हुई पदयात्रा में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है। दूसरे चरण में सहारनपुर से बुधवार से पदयात्रा शुरू होगी जो शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए नोएडा में संपन्न होगी। 
विज्ञापन

सभा में मौजूद आप कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
आप के राज्यसभा सांसद ने कहा कि केंद्र में नफरत के सौदागरों की सरकार चल रही है, जिससे देश में  सांप्रदायिक एकता को सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्हें राम का नाम लेने का हक भी नहीं है। आगामी चुनाव में जनता उन्हें धूल चटाने का तैयार बैठी है। उन्होंने गन्ना किसानों की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि  गन्ना किसान आज भी बकाया गन्ना मूल्य पाने के लिए तरस रहा है। शुगर मिलें किसानों के हजारों करोड़ रुपये दबाए बैठी हैं।

दिल्ली के विधायक सोमनाथ भारती ने केजरीवाल सरकार की स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लिए गए फैसलों को सराहनीय बताया। आप विधायक अलका लांबा ने यूपी में महिलाओं पर बढ़ रहे अपराध को लेकर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य योगेश दहिया, वेस्ट यूपी के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, लोकेश सलारपुरी आदि रहे। 

राहुल से भी काबिल हैं देश में नेता 
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा बार बार मोदी का विकल्प कौन होने का सवाल खड़ा कर रही है। बार बार राहुल गांधी का नाम लेकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि सच यह है कि सवा सौ करोड़ की आबादी में राहुल से हजार गुना काबिल नेता मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिन नया झूठ बोल रहे हैं। 


शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
ttps://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें