एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल, आईजी मेरठ रेंज प्रवीण कुमार और एसएसपी अजय साहनी ने शनिवार दोपहर पंचायत चुनाव के मद्देनजर देहात के थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही पर एक दरोगा को फटकार भी लगाई गई। थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए अधिक गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए।
मुंडाली थाने में आईजी और एसएसपी ने एक दरोगा से थाने के वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी मांगी। इस पर दरोगा वीरेंद्र कुमार ने कहा कि एक आरोपी वांछित है। उसकी तलाश में वह चार बार उसके घर पर दबिश देकर आए।
एसएसपी ने सीओ किठौर से कहा कि दरोगा को साथ लेकर जाओ और पता करो कि इन्हें वांछित के घर का भी पता या नहीं।
थोड़ी देर में दरोगा की पोल खुल गई। दरोगा वांछित के घर के बारे में नहीं जानता था। दोनों अधिकारियों ने दरोगा को जमकर फटकार लगाई। एसएसपी ने कहा कि यदि ऐसी लापरवाही की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अफसरों ने कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए मिलावटी शराब, आपसी झगड़े, रंजिश की शिकायतों से लेकर अन्य सभी मामलों में अधिक सतर्कता बरती जाए ताकि ग्राम पंचायतों में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रहे।
किठौर थाने में पहुंचे एडीजी, अधूरी तैयारी
एडीजी और एसएसपी किठौर थाने में पहुंच गए। जहां पंचायत चुनाव कि थाने में अधूरी तैयारी मिली है। प्रधान, पूर्व प्रधान और संभावित प्रत्याशियों को मुचलके पाबंद तक थाना पुलिस द्वारा नहीं किए गए। एसएसपी ने थानेदार को सख्त निर्देश दिए कि वह जल्द ही पंचायत चुनाव की पूरी तैयारी कर लें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी।