नापतौल विभाग का कर्मचारी संदीप दस दिन मौत से लड़ने के बाद बृहस्पतिवार को हार गया। पुलिस मामूली मारपीट का बताकर पल्ला झाड़ रही थी। संदीप पर हमले की वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस की नींद टूटी। संदीप के परिवार में कोहराम मचा है और पुलिस के प्रति आक्रोश है।
मामला मेडिकल थानाक्षेत्र का है। 28 अगस्त को जागृति विहार 407/5 निवासी राजेंद्र सिंह का बेटा संदीप नापतौल कार्यालय जा रहा था। इस दौरान डेविड निवासी जागृति विहार सेक्टर-6 ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर संदीप पर हमला बोल दिया था। संदीप को घेरकर लात-घूंसे और्र ईट मारकर बुरी तरह घायल कर दिया था। संदीप को गंभीर हालत में लोगों ने समर हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।
इस मामले में मेडिकल पुलिस ने मामूली मारपीट की धारा में केस दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया था। घटनास्थल के पास एक बैंक्वेट हॉल के गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा था। जिसमें संदीप पर हुए हमले की वीडियो कैद हो गई। जोकि 30 अगस्त को वायरल हुई तो पुलिस अफसरों में खलबली मची। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली तो एसओ मेडिकल ने फिर भी मामूली मारपीट बता दी।
गंभीर होने पर जागी पुलिस
हालत गंभीर होने पर 30 अगस्त की रात संदीप को दिल्ली के लोक नारायण जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार दिन पहले संदीप के परिजनों ने दो हमलावरों अनुज और सुमित को पकड़कर मेडिकल पुलिस को सौंपा था। पुलिस ने तीन दिन तक आरोपियों की थाने में मेहमाननवाजी की। बुधवार सुबह पुलिस ने राजेंद्र सिंह को कॉल कर संदीप की हालत के बारे में पूछा तो राजेंद्र ने संदीप की हालत बेहद नाजुक बताई। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा।
शाम को हुआ अंतिम संस्कार
दिल्ली से शाम 5:30 बजे संदीप का शव जागृति विहार उनके घर पहुंचा। जहां पर परिजनों में कोहराम मच गया। संदीप के दोस्त भी पहुंचे। गमगीन माहौल में संदीप का शाम सात बजे सूरजकुंड श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। संदीप के छोटे भाई सचिन, रोहित, बहन मीनू और मां धर्मवती का रो रोकर बुरा हाल है।
यह था विवाद
संदीप के भाई रोहित ने बताया कि डेविड के उस पर 250 रुपये थे। जबकि संदीप के डेविड पर एक हजार रुपये थे। आठ अगस्त को डेविड ने संदीप के घर जाकर रोहित को धमकी दी कि अगर 250 रुपये नहीं दिए तो वह उसको मार देगा। इस दौरान संदीप ने डेविड से कहा था कि वह मेरे एक हजार रुपये में रोहित के 250 रुपये काटकर 750 रुपये दे दे। उसके बावजूद डेविड धमकी देकर गया था।
नहीं पकड़ा डेविड
मुख्य आरोपी डेविड ने अपने साथियों के साथ हमले का प्लान बनाया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा कि हमलावर किस कदर संदीप को पीट रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने डेविड को नहीं पकड़ा।