बिना अनुमति चुनावी सभा करने पर बसपा के दो प्रत्याशी आचार संहिता के उल्लंघन में फंस गए हैं। कैंट प्रत्याशी सतेंद्र सोलंकी ने गुरुवार को गंगासागर गेट के सामने टेंट और कुर्सी लगवाकर नुक्कड़ जनसभा आयोजित की। कंट्रोल रूम को मिली सूचना के आधार पर गंगानगर और भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यक्रम को रुकवा दिया। इस मामले में पुलिस प्रत्याशी सतेंद्र सोलंकी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। उधर, बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा पर आचार संहिता का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
भावनपुर थाना क्षेत्र में गंगासागर गेट के सामने बसपा के कैंट विधानसभा प्रत्याशी सतेंद्र सोलंकी ने जनसभा बुलाई थी। इसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। कंट्रोल रूम पर मिली सूचना के आधार पर गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची। सभा स्थल भावनपुर थाने में होने पर गंगानगर पुलिस ने एसओ भावनपुर सतेंद्र कुमार यादव को अवगत कराया। मौके पर पहुंची भावनपुर पुलिस ने जनसभा की अनुमति नहीं होने पर कार्यक्रम बंद करा कर टेंट और कुर्सियां हटवा दी। इस पर बसपा प्रत्याशी वहां से चले गए। एसओ भावनुपर सतेंद्र कुमार यादव का कहना है कि बसपा प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, मवाना में बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा ने अपने आवास पर भी बिना अनुमति के सभा बुलाई। सूचना पर थाना प्रभारी राजेश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और उनसे परमिशन मांगी। पुलिस के पहुंचते ही समर्थक वहां से भाग गए। अनुमति नहीं दिखाने के कारण चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, योगेश वर्मा का कहना है कि सपा नेता की शह पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वह सभा स्थल पर मौजूद ही नहीं थे।