मेरठ। बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से उसके परिचित ने 3.20 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो उसे टरका रहा है।
शास्त्री नगर सेक्टर-2 निवासी रितिक ने बताया कि किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी सलमान खान से उसकी जान-पहचान थी। सलमान में पंजाब नेशनल बैंक में उसकी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए आरोपी ने 3.20 लाख रुपये ले लिए। आरोपी ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। इसे वह बैंक लेकर पहुंचा तो अधिकारियों ने बताया कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। इससे उसे पता चला कि आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिए है। आरोप है कि करीब छह माह से वह अपने रुपये मांग रहा है। आरोपी लगातार उसे टरका रहा है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
महिला के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 50 हजार रुपये निकाले
मेरठ। साइबर अपराधियों ने महिला के बैंक खाते से तीन बार में करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार राशि शर्मा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उसके खाते से 14,995 और 29,980 रुपये पेटीएम के माध्यम से और 4,995 रुपये गूगलपे के माध्यम से निकाल लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। संवाद