जानीखुर्द। गांव ढडरा निवासी जुबेर से अज्ञात व्यक्ति ने झांसा देकर मोबाइल पर 27 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर जानी थाने में दी है। गांव ढडरा निवासी जुबेर जानी में बाइक मैकेनिक का काम करता है। बृहस्पतिवार की शाम उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। उसने जुबेर से कहा कि वह उसके खाते में अपने पिता के लिए तीन हजार रुपये ट्रांसफर कर रहा है। कुछ देर बाद कॉल करने वाले व्यक्ति ने जुबेर के पास 30 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का एक मेसेज भेजा। मेसेज के बाद व्यक्ति ने कॉल कर कहा कि उसने गलती से तीन हजार की जगह तुम्हारे खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। इसलिए तुम उसे अभी तीन हजार रुपये काटकर 27 हजार रुपये वापस भेज दे। उसने जुबेर के पास एक क्यूआर कोड भेज दिया। जुबेर ने अपने खाते का बैलेंस चेक किए बिना ही कॉल करने वाले व्यक्ति के क्यूआर कोड पर 27000 रुपये डाल दिए। बाद में चेक करने पर जुबेर ने पाया कि उसके खाते में कोई पैसा नहीं आया। ठगी का एहसास होने पर जुबेर ने कॉल करने वाले व्यक्ति को कॉल की लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जुबेर की शिकायत पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।