- गांव समसपुर सुरानी का मामला, पुलिस ने दबिश दी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव समसपुर सुरानी में खेत पर काम कर रहे युवक पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी कृष्णवीर ने थाना सरधना में दी तहरीर में बताया कि 15 मार्च की शाम उनका पुत्र हिमांशु खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही अंकित, अनुराग, रोहित, संजय और संजीत समेत अन्य युवक थार गाड़ी से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों के हाथों में तलवार, लाठी, चाकू सहित अन्य धारदार हथियार थे।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने हिमांशु पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।