कूड़े के विवाद में युवक को चाकू घोंपा, गंभीर
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में कूड़े के विवाद में युवक को चाकू घोंपकर घायल कर दिया गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
शेखपुरा निवासी रवि पुत्र मांगेराम मलियाना पुल के नीचे समोसे की दुकान चलाता है। पड़ोस में प्रमोद गुप्ता की अचार की दुकान है। मंगलवार शाम दुकान के आगे पड़े पत्तलों पर प्रमोद ने विरोध जताया। जिस पर प्रमोद और रवि आपस में भिड़ गए। प्रमोद का बेटा सचिन भी वहां आ गया। इसके बाद पिता-पुत्र ने रवि को जमकर पीटा। इसी दौरान प्रमोद ने रवि के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी पिता-पुत्र दुकान बंद कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को पहले जिला अस्पताल और फिर टीपीनगर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। परिजनों ने हमलावर पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। अभी हमलावर पुलिस की पकड़ से दूर हैं।