मेरठ। दरोगा भर्ती की परीक्षा के बाद ड्यूटी खत्म होने पर पत्नी को बुलाने जा रहे फाजिलपुर गांव के विजय से रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियोें की तलाश में जुट गई।
सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि रोहटा रोड फाजिलपुर गांव निवासी विजय बाइक पर सवार होकर रेलवे रोड थाना क्षेत्र से पत्नी को बुलाने जा रहे थे। शाम लगभग पौने पांच बजे जैसे ही वह जयनगर तिराहे के पास पहुंचे तभी बाइक पर हेलमेट लगाकर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने पहले उनसे पूछा कहां जा रहे हो। विजय ने परिचित समझकर उन्हें बताया कि वह पत्नी को बुलाने जा रहा है। विजय ने पुलिस को बताया कि तभी बदमाशों ने तमंचा दिखाकर विजय के गले से सोने की चेन लूट ली और हाथ से अंगूठी उतरवा ली। वारदात के बाद बदमाश भाग गए। पुलिस ने आरोपियों को तलाश किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
-
फंदे पर लटका मिला युवक का शव
मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र के धोबी घाट के पास रविवार शाम लगभग छह बजे एक युवक क शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि युवक का पहचान करने का प्रयास किया लेकिन अभी उसकी शिनाख्त नहीं हुई है। सोमवार को धोबी घाट आने वाले लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा आसपास थानों व दूसरे जिलोें की पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा। युवक की आयु लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने पैरों में जींस पहनी थी लेकिन शर्ट नहीं थी। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।
-