संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के आजादनगर मोहल्ले में बुधवार की रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक युवक को बंधक बनाकर उसको बेरहमी से पीटा। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर पथराव हुआ। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर हालात को किसी तरह नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
आजादनगर निवासी अजहर पुत्र फरमुद्दीन ने बताया कि उसका भाई इरफान डेयरी में नौकरी करता है। बुधवार रात इरफान काम से घर लौट रहा था। रास्ते में चार युवकों ने उसे रोक लिया और एक खंडहरनुमा जगह पर ले जाकर उसकी पिटाई की। परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया। पथराव होने पर आसपास भगदड़ मच गई। इस दौरान इरफान समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को सीएचसी भिजवाया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।