सरधना। गांव पोहल्ली में नलकूप में नहाते समय करंट लगने से कस्बे के मोहल्ला गोमतीनगर निवासी आदिल बेसुध हो गया। आवाज देने पर जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो विद्युत आपूर्ति बंद कर उसे नलकूप से बाहर निकालकर मेरठ निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला गोमतीनगर निवासी 22 वर्षीय आदिल पुत्र मोबीन मजदूरी करता था। सोमवार को वह कुछ साथियों के साथ अपने ननिहाल गांव पोहल्ली गया था। दिन में गर्मी से राहत पाने के लिए आदिल अन्य लोगों के साथ गांव के नलकूप पर नहाने पहुंचा। वह अकेला नलकूप पर गया तो उसे अचानक करंट लग गया। शुरुआत में उसके साथियों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब आदिल की आवाज नहीं आई तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली कनेक्शन काटकर युवक को पानी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में युवक को मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि आदिल चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, परिजनों ने किसी भी पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया।