संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर सलाहपुर गांव के सामने शुक्रवार रात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहटा में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सिवालखास निवासी शाकिब (28) पुत्र शकील अपने साथी के साथ शुक्रवार रात करीब 8:00 बजे बाइक पर सलाहपुर गांव जा रहा था। वह सलाहपुर गांव के सामने पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शाकिब सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।