सरधना।(मेरठ)। सरधना नगर व देहात क्षेत्र में करंट से लगातार हादसे बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में दो महीनों के दौरान करीब आधा दर्जन लोगों की करंट से मौत हो चुकी है। मंगलवार को खेड़ा गांव में पंखे में उतरे करंट से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।
लोगों के मुताबिक गांव खेड़ा निवासी 26 वर्षीय अमित पुत्र सतपाल पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गई। करंट से झुलसने पर उसकी मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस की कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं थाना पुलिस ने भी मामले से अनभिज्ञता जताई है। वहीं, कुछ दिन पूर्व छुर बिजलीघर से जुड़ी लाइन पर रिठाली के जंगल में काम करते समय बपारसी निवासी संविदाकर्मी लाइनमैन कुलदीप पुत्र मामराज झुलस गया था। उसे गंभीर हालत में मेरठ के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को कुलदीप की मौत हो गई। जेई संजीव कुमार ने इस मामले में थाना पुलिस को अवगत कराया।