भैंसा-बुग्गी में टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त कार व मौजूद लोग।
- फोटो : KITHOR
माछरा(मेरठ)। मुंडाली क्षेत्र में गढ़ मार्ग पर बिजली घर के पास गन्ने से लदी भैंसा बुग्गी में कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नीचे गिरे युवक के ऊपर से बुग्गी का टायर उतर गया। युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, आसपास के लोगों ने कार सवार दो युवकों को पकड़ लिया।
हसनपुर कलां निवासी 20 वर्षीय अजय पुत्र मदन जाटव भैंसा बुग्गी में खेत से गन्ने भरकर ला रहा था। बिजलीघर के पास मेरठ-गढ़ मार्ग पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बुग्गी में टक्कर मार दी। टक्कर से अजय नीचे गिर गया। बुग्गी का पहिया अजय के ऊपर से उतर गया। इस बीच साइकिल पर बुग्गी के पीछे चल रहे अजय के भाई सोहनपाल ने शोर मचा दिया। कार से उतरकर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। जबकि चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल अजय को मेरठ मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए कार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की कार को भी थाने लाया गया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।